current Hindi news It is necessary to convert hotspots into green spots for pollution control
| प्रदूषण नियंत्रण से संबंधित बैठक में अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते डीसी इमरान रजा। |
- डीसी इमरान रजा ने जिला में एनजीटी की अनुपालना में उठाए गए कदमों की समीक्षा
- जिला में प्रदूषण नियंत्रण के लिए उठाए जाएं प्रभावी कदम : इमरान रजा
रेवाड़ी, 8 मईडीसी इमरान रजा ने कहा कि वायु व जल प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए प्रदूषण से संबंधित हॉटस्पॉट को चिन्हित कर ग्रीन स्पॉट में बदला जाना अति आवश्यक है। इसके लिए संबंधित अधिकारी योजनाबद्ध तरीके से कार्य करें। स्वच्छता व सफाई के लिए संबंधित विभाग एनजीटी की गाइडलाइन के अनुरूप कार्य करें और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में कदम बढ़ाते हुए प्रत्येक विभाग अपनी जिम्मेदारी निभाएं। डीसी इमरान रजा सोमवार को प्रदूषण नियंत्रण से संबंधित बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
डीसी इमरान रजा ने संबंधित विभागों से एनजीटी के आदेशों पर किए जा रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि जिला में प्लास्टिक वेस्ट कलेक्शन सेंटर स्थापित किए जाएं। उन्होंने निर्देश दिए कि शहरी स्थानीय निकाय व एचएसआईआईडीसी मिलकर बीडब्ल्यूजी चिन्हित करें। नगर परिषद व नगर पालिका क्षेत्रों में सॉलिड वेस्ट बारे उचित प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने निर्देश दिए कि जिला में जल व वायु प्रदूषण न हो इसके लिए मॉनिटरिंग की जाए। उन्होंने कहा कि शहरी निकाय द्वारा शहर में जगह-जगह ध्वनि प्रदूषण से संबंधित जागरूक करने वाले बोर्ड लगाए जाएं। उन्होंने कहा कि एनजीटी के आदेशों की सख्ती से पालना सुनिश्चित की जाए। उन्होंने नेशनल हाईवे पर अतिक्रमण हटाने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि जिला में प्रदूषण नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।
डीसी ने कहा कि बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन के साथ-साथ सभी सार्वजनिक स्थानों पर सफाई व्यवस्था की ओर विशेष ध्यान देने की जरूरत है तभी पर्यावरण स्वच्छ और साफ रहेगा। उन्होंने कहा कि जिला में प्रवेश करते ही स्वच्छता का पैमाना नजर आना चाहिए। उन्होंने कहा कि वार्ड वाईज, मोहल्लों, स्कूल, कॉलेज के विद्यार्थियों व लोकल केबल के माध्यम से स्वच्छता व सफाई का संदेश आम जन तक दिया जाए ताकि लोग गंदगी न फैलाएं व पानी की बर्बादी न करें, प्लास्टिक का प्रयोग न करें, वातावरण को प्रदूषित न करें। उन्होंने कहा कि सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट पर पूरा ध्यान दिया जाए ताकि कचरे का निस्तारण सही जगह पर ठीक ढंग से हो सकें। उन्होंने बायो वेस्ट मैनेजमेंट को लेकर भी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी विनोद बाल्यान, सीएमओ डा.सुरेंद्र यादव, पीडब्लूडी एक्सईएन आदित्य देशवाल व डीएसपी अमित भाटिया सहित संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

