•current Hindi news trolley collided with the road, the driver narrowly escaped
अब तक न्यूज राजौंद / हवा सिंह
हरियाणा के कैथल जिले के राजौंद कस्बे के मुख्य मार्ग पर विर्क प्लाजा होटल के पास ब्लॉकों से भरी ट्राली सड़क पर धंसने से चालक बाल- बाल बचा। कस्बे में आए दिन असंध कैथल मुख्य मार्ग की टूटी हुई सड़क वाहन चालकों के साथ- साथ आमजन के लिए मुसीबत बनती जा रही है और विभाग के अधिकारी दिन में भी आंख बंद कर कुंभकर्णी नींद सो रहे हैं लोगों को इंतजार है कि कब उनकी नींद खुले और सड़क का निर्माण कार्य शुरू हो।
दुकानदार सुंदर, काला, रावल, सुखदेव, रामनिवास, हवा, पवन ने बताया कि जगह-जगह टूटी हुई सड़क के कारण आए दिन कोई न कोई वाहन धसना यहां की अब आम बात होती जा रही है। लेकिन संबंधित विभाग इस ओर लंबी तान कर सो गया। जिसका खामियाजा वाहन चालकों को अपने वाहन तुड़वाकर भुगतना पड़ रहा है। इसके साथ-साथ उनका धंधा भी चौपट होकर रह गया है। बार- बार सड़क की मरम्मत के लिए कहा गया लेकिन संबंधित विभाग इस ओर कोई कार्रवाई नहीं कर रहा। जबकि लोगों कहना है कि इस समस्या को लेकर राज्य मंत्री तक गुहार लगाई जा चुकी है। लेकिन फिर भी सड़क की कोई सुध लेने वाला नहीं है।
कस्बा वासियों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही इस सड़क पर कार्य शुरू नहीं हुआ तो वह कोई ठोस फैसला लेने के लिए मजबूर होंगे। क्योंकि सड़क की इस जर्जर हालत के कारण आसपास रहने वाले लोगों के साथ-साथ दुकानदारों को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है इसके अलावा स्कूलों में पढ़ने जाने वाले छात्र-छात्राओं को भी इस परेशानी को झेलना पड़ रहा है। सारा दिन सड़क रेत उड़कर लोगों के स्वास्थ्य पर भी बुरा असर डाल रहा है। काफी लोग यहां से निकलते समय हादसे का शिकार हो चुके हैं।

