AAP sweeps dreams BJP-Congress in Jalandhar by-election
चंडीगढ़
जालंधर में आम आदमी पार्टी ने कांग्रेस का गढ़ ध्वस्त कर दिया है। आम आदमी पार्टी ने ये लोकसभा सीट जीत ली है। उप चुनाव में आप के उम्मीदवार सुशील रिंकू ने कांग्रेस उम्मीदवार कर्मजीत कौर चैधरी को 58,691 वोटों से हरा दिया। उपचुनाव के लिए वोटिंग 10 मई को हुई थी। पिछली 4 बार से कांग्रेस इस सीट पर जीतती रही है। 2014 और 2019 में कांग्रेस उम्मीदवार कर्मजीत कौर चौधरी के पति संतोख सिंह चौधरी यहां से चुनाव जीते। हालांकि उनके निधन के बाद कांग्रेस सीट गंवा बैठी।
विधानसभा सीटों के लिहाज से बात करें तो जालंधर से आप उम्मीदवार सुशील रिंकू को सबसे ज्यादा 13890 की लीड करतारपुर से मिली। दूसरे नंबर पर जालंधर वेस्ट से 9500 की लीड मिली। इसके बाद आदमपुर से 8960, फिल्लौर और जालंधर कैंट से 7 हजार, नकोदर से 5211 और शाहकोट से 273 की लीड मिली। जालंधर सेंट्रल से आप को 543 और नॉर्थ से 1259 वोटें कम मिली। हालांकि इस मामले में चुनाव आयोग की तरफ से औपचारिक आंकड़े जारी किए जाने बाकी हैं। बता दें कि संगरूर उपचुनाव में आप सीएम भगवंत मान की लोकसभा सीट हार चुकी आप के लिए यह सीट सबसे बड़ी चिंता थी। इस सीट पर जीत हासिल करने के लिए उन्होंने एड़ी-चोटी का जोर लगाए रखा।
दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल और पंजाब सीएम भगवत मान ने कई रैलियां व रोड शो किए। पंजाब सरकार की पूरी कैबिनेट यहाँ प्रचार में डटी रही। वहीं, जालंधर लोकसभा सीट कांग्रेस का गढ़ रही है। पिछले 4 बार से लगातार कांग्रेस यहां से जीत रही है। ऐसे में कांग्रेस के आगे गढ़ बचाने की चुनौती थी। हालांकि कांग्रेस को चुनाव प्रचार में यहां केंद्रीय नेताओं का कोई साथ नहीं मिला।

