अब तक जींद :
भाजपा के शासन में स्कूलों में अध्यापक नहीं हैं और ना ही हॉस्पिटल के अंदर डॉक्टर हैं। शिक्षा व स्वास्थ्य सेवाओं को बिजनेस बनाकर निजी हाथों में सौंप दिया है। जींद शहर में भ्रष्टाचार चरम सीमा पर है। नगर परिषद के अंदर भ्रष्टाचार इस कदर फैला हुआ है कि पार्क में लगाए गए झूलों का उद्घाटन करने के अगले ही दिन झूले टूट कर नीचे गिर गए। उक्त शब्द कांग्रेसी नेता प्रमोद सहवाग ने कहे। पुरानी अनाज मंडी में कांग्रेस पार्टी द्वारा हाथ से हाथ जोड़ी रैली की जाएगी। इसको लेकर प्रदेश कांग्रेस कार्यकारिणी सदस्य प्रमोद सहवाग ने लक्ष्मी नगर, चंद्रलोक कालोनी, रतन कालोनी, राम कॉलोनी और सेक्टर- 11 में लोगों को रैली का निमंत्रण दिया।
प्रमोद सहवाग ने कहा कि 20 मई को पुरानी अनाज मंडी में होने वाली रैली में राज्यसभा सदस्य दीपेंद्र हुड्डा शिरकत करेंगे। यह रैली कई मायनों में ऐतिहासिक होगी। सहवाग ने कहा कि जींद में भ्रष्टाचार चमर पर है। प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नाम से बने अटल पार्क में भी उद्घाटन के अगले ही दिन झूले टूटने लगे। इससे साफ है कि गुणवत्ता के साथ समझौता किया गया है। नगर परिषद घोटालों का गढ़ बना हुआ है। तहसील व नगर परिषद में प्रापर्टी आईडी बनवानी हो या फिर अन्य विभाग हो सभी जगह भ्रष्टाचार का माहौल है। सरकारी अस्पताल में चिकित्सक नहीं हैं। स्कूलों में शिक्षक नहीं हैं। स्टेडियम में कोच नहीं हैं। देश का नाम रोशन करने वाले पदक विजेता पहलवानों और बेटियों को दिल्ली में सड़कों पर पीटा जा रहा है। इस दौरान महिपाल कौशिक, पार्षद विक्की दहन, सतपाल कुंड आदि मौजूद थे।

