Jind news Today Son commits suicide after killing mother in village of Jind district
अब तक न्यूज, जींद, साहिल भनवाला
जींद जिले के नरवाना क्षेत्र के गांव जाजनवाला में एक नशेड़ी युवक ने सिर मैं लाठी मारकर अपनी ही मां की हत्या कर दी। उसके बाद युवक ने खुद भी कमरे में फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। इसकी सूचना मिलते ही नरवाना सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मृतक के पिता का पहले ही देहांत हो चुका है और उसका बड़ा भाई गाड़ी चलाता है और हादसे के वक्त उसका बड़ा भाई गाड़ी पर बाहर गया हुआ था।
मिली जानकारी के अनुसार नरवाना क्षेत्र के गांव जाजनवाला निवासी सोनू अक्सर नशे में धुत होकर अपनी मां से सुदेश के साथ लड़ाई झगड़ा करता रहता था। शुक्रवार को भी सोनू जब झगड़ा कर रहा था तो उसकी मां ने उसका विरोध किया तो सोनू ने लाठी उठाकर उसकी मां के सर में मार दी जिसके कारण सुदेश की मौके पर ही मौत हो गई। झगड़े का शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और महिला को संभालने की कोशिश की तो युवक सोनू कमरे में चला गया और वहां पर फांसी का फंदे पर झूल गया।
ग्रामीणों का कहना है कि सोनू का बड़ा भाई मोनू अपने घर का घर चलाने के लिए गाड़ी ड्राइविंग का काम करता है और इस समय वह गाड़ी पर गया हुआ है। ग्रामीणों ने बताया कि सोनू की मां सुदेश अपने 1 एकड़ जमीन पर ही खेती बाड़ी का काम करके अपना गुजर-बसर करती थी। लेकिन सोनू नशे की लत में पड़ गया और इसने नशे की हालत में अपनी मां की हत्या कर खुद फांसी के फंदे पर झूल गया।
इस संबंध में जांच अधिकारी एसआई नरेश कुमार ने बताया कि बेटे द्वारा मां की हत्या करने की सूचना मिली थी लेकिन जब पुलिस मौके पर पहुंची तो आरोपित युवक खुद फांसी के फंदे पर झूल रहा था। पुलिस ने मां बेटे के शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मृतक के बड़े बेटे को सूचना दे दी गई है। जैसे ही परिजनों के बयान दर्ज किए जाएंगे उसके आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।

