अब तक न्यूज, हिसार
हिसार जंक्शन पर गोरखधाम एक्सप्रेस से उतरते समय बुधवार को एक यात्री घायल हो गया। ट्रेन की चपेट में आने से यात्री के पैर और सिर में चोट लगी है। यात्री को आनन-फानन में अग्रोहा मेडिकल कालेज में भर्ती करवाया गया। जहां जीआरपी ने यात्री के बयान दर्ज किए। यात्री की हालत स्थिर बताई जा रही है।
उत्तर प्रदेश के बांदा जिले के रहने वाले राजेश कानपुर से हिसार गोरखधाम एक्सप्रेस से आ रहा था। उसकी हांसी रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन में आंख लग गई। हिसार ट्रेन पहुंचने के बाद भी वह ट्रेन में सोता रहा। जब आंख खुली तो राजेश हड़बड़ाहट में ट्रेन से नीचे उतरने लगा तो नींद में होने की वजह से वो ट्रेन और प्लेटफार्म के बीच में फंस गया। प्लेटफॉर्म पर खड़े यात्रियों का ध्यान उसकी तरफ पड़ा तो तुरंत भाग कर उसे खींचा और उसकी जान बचाई। हादसे की सूचना मिलते ही जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल युवक को उपचार के लिए हॉस्पिटल में भर्ती करवाया।
उत्तर प्रदेश के बांदा जिले के रहने वाला राजेश कुमार नारनौंद में ईंट भट्ठे पर मजदूरी करके परिवार का पालन पोषण करता है। पिछले दिनों राजेश अपने घर उत्तर प्रदेश चला गया था। अब दोबारा फिर ईट भट्टे पर काम करने के लिए वह उत्तर प्रदेश के बांदा से हिसार जिले के नारनौंद क्षेत्र में ईट भट्टे पर काम करने के लिए आ रहा था। राजेश के पांव के पंजे कटने से के परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।

